बलरामपुर।
जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज ने अधिकारियों के कार्यों में फेरबदल करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जारी आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों को विभिन्न अनुविभागों में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी के रूप में आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से कार्य करने के लिए आदेशित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील किया गया है।
आदेश के तहत अपर कलेक्टर बालेश्वर राम को कुसमी अनुविभाग का एसडीएम एवं दंडाधिकारी बनाया गया है।
इसी प्रकार संयुक्त कलेक्टर अनमोल विवेक टोप्पो को राजपुर एवं शंकरगढ़ अनुविभाग का एसडीएम एवं दंडाधिकारी बनाया गया है। उन्हें दोनों अनुविभागों में भू-अर्जन अधिकारी, रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट तथा लोक परिसर बेदखली अधिनियम के तहत सक्षम प्राधिकारी सहित अन्य जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। इसके साथ ही उन्हें तहसील शंकरगढ़ के आहरण-संवितरण अधिकारी का दायित्व भी दिया गया है।
संयुक्त कलेक्टर विवेक चन्द्रा को बलरामपुर अनुविभाग का एसडीएम एवं दंडाधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें बलरामपुर अनुविभाग में भू-अर्जन अधिकारी, रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट एवं लोक परिसर बेदखली अधिनियम के तहत सक्षम प्राधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही वे जिला सत्कार अधिकारी बलरामपुर-रामानुजगंज का कार्य भी देखेंगे।
वहीं डिप्टी कलेक्टर तुलसी दास मरकाम को वाड्रफनगर अनुविभाग का एसडीएम एवं दंडाधिकारी बनाया गया है। उन्हें वाड्रफनगर अनुविभाग में भू-अर्जन अधिकारी, रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट, लोक परिसर बेदखली अधिनियम के तहत सक्षम प्राधिकारी तथा सहायक सत्कार अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता को जिला कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश
आदेश में अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता को जिला कार्यालय बलरामपुर में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं संबंधित अधिकारियों को 5 अक्टूबर 2026 को मध्यान्ह पश्चात एकतरफा भारमुक्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक यह प्रशासनिक व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। माना जा रहा है कि अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों से जिले के विभिन्न अनुविभागों में राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों में कसावट आएगी और कामकाज को अधिक व्यवस्थित गति मिलेगी।

