ई-ऑफिस के शत-प्रतिशत उपयोग और समयबद्ध फाइल निराकरण पर दिया जोर
बलरामपुर,
शासकीय कामकाज को अधिक पारदर्शी, त्वरित और आधुनिक बनाने की दिशा में संभागायुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय बलरामपुर की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्था, नस्तियों के संधारण और विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन करते हुए डिजिटल प्रशासन को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी उपयोग से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, फाइलों की बेहतर निगरानी होगी और आम नागरिकों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग करने तथा लंबित फाइलों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
लोक सेवा केंद्र के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने नागरिकों से प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
आवक-जावक शाखा में संभागायुक्त ने डिजिटल कार्यप्रणाली को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि कार्यालय में मैनुअल रूप से प्राप्त होने वाले सभी पत्रों को स्कैन कर ई-ऑफिस प्रणाली में दर्ज किया जाए। इसके बाद संबंधित शाखाओं को डिजिटल माध्यम से पत्र प्रेषित किए जाएं, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और गति बनी रहे।निरीक्षण के दौरान स्थापना शाखा, वरिष्ठ लिपिक शाखा, नाजरात, शिकायत शाखा सहित अन्य कार्यालयीन कक्षों का भी अवलोकन किया गया। संभागायुक्त ने शाखा प्रभारियों को नस्तियों के व्यवस्थित एवं अद्यतन संधारण, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और अधिकतम कार्य डिजिटल माध्यम से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी शासकीय सेवकों को निर्धारित कार्यालयीन समय का पालन करने और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता के साथ करने की बात कही।संभागायुक्त का यह निरीक्षण कलेक्टर कार्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चन्दन संजय त्रिपाठी, उप आयुक्त श्री आर.के. खूंटे एवं श्रीमती शारदा अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, श्री आर.एन. पाण्डेय तथा श्री प्रमोद गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

