सेमरसोत अभ्यारण्य में बार्किंग डियर के शिकार का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार, मृत वन्यजीव बरामद
बलरामपुर,
जिले के सेमरसोत अभ्यारण्य में संरक्षित वन्यजीव बार्किंग डियर (कोटरी) के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बार्किंग डियर का मृत शव बरामद किया गया। वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त को अभ्यारण्य क्षेत्र में वन्यजीव शिकार की सूचना मिलने पर विभागीय टीम ने संबंधित क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान ग्राम परती निवासी चंदन पिता राजमल तथा ग्राम खटवाबरदर निवासी सुराजलाल पिता सत्ता को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बार्किंग डियर (कोटरी) का मृत शव बरामद हुआ।

प्रारंभिक जांच में संरक्षित वन्यजीव के अवैध शिकार की पुष्टि होने पर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
वन विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। शिकार में प्रयुक्त साधनों के साथ-साथ अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आती है, तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

