सरस्वती साइकिल योजना: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंडारी की 45 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिलें…
बलरामपुर/पेंडारी,
बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने और छात्राओं की विद्यालय तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंडारी में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की पात्र 53 छात्राओं में से उपस्थित 45 छात्राओं को अतिथियों के हाथों निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने शासन की इस पहल को अपनी शिक्षा के लिए बेहद उपयोगी बताया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बेला अनिल कुशवाहा रहीं। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती मानमती, समिति के सदस्य, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री श्याम किशोर जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अपने संबोधन में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम जायसवाल ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती बेला अनिल कुशवाहा ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं से इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने शासन की जनकल्याणकारी योजना के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना से विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी शिक्षा निरंतर जारी रहेगी और बालिका शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।

