हरिनंदन राजवाड़े हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिलने गोंदा पहुंचीं विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, बोलीं— दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, न्याय से नहीं होगा समझौता,,, बहुचर्चित हत्याकांड पर लगातार खबरों के बाद बढ़ी हलचल, फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा..
चंद्रिका कुशवाहा ,सूरजपुर
भाजपा युवा नेता हरिनंदन राजवाड़े हत्याकांड को लेकर पूरे प्रतापपुर क्षेत्र में व्याप्त आक्रोश के बीच गुरुवार को प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ग्राम गोंदा पहुंचीं। उन्होंने करीब दो घंटे तक मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। विधायक के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया। मृतक के परिजन विधायक को देखते ही फूट-फूटकर रो पड़े। गांव की महिलाएं और परिजन विलाप करने लगे। विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने पीड़ित परिवार को गले लगाकर ढांढस बंधाया और कहा कि वे इस लड़ाई में परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी हैं। इस दौरान विधायक स्वयं भी भावुक नजर आईं और उनकी आंखें नम हो गईं।

परिजनों ने विधायक के सामने आरोप लगाया कि हत्या जैसे गंभीर मामले में आरोपियों को शीघ्र जमानत मिलने से पूरे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में शामिल कुछ आरोपी प्रभावशाली और रसूखदार बताए जाते हैं, जिससे लोगों में निष्पक्ष कार्रवाई को लेकर आशंका बढ़ी है। उन्होंने शेष फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष और प्रभावी जांच की मांग रखी।
ग्रामीणों ने भी विधायक के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि इस जघन्य घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। उनका कहना था कि हत्या जैसे मामलों में कानून का भय दिखाई देना चाहिए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आम जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं परिजनों और ग्रामीणों का दावा है कि इस प्रकरण में चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं तथा घटना में और भी लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए। पुलिस ने जमानत के बाद प्रतिबंधात्मक कानूनी प्रावधानों के तहत पुनः कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। मामले की विवेचना जारी है।
विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील और गंभीर मामला है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर तथा मुख्यमंत्री के समक्ष पूरे घटनाक्रम को रखेंगी और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की मांग करेंगी। उन्होंने अधिकारियों से फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक ने यह भी कहा कि यदि जांच या कार्रवाई के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए।
गांव में मौजूद ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि वे न्याय चाहते हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि सभी आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में अनावश्यक विलंब हुआ, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना था कि ऐसे गंभीर मामलों में निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि आम जनता का कानून और न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

