फर्जी रजिस्ट्री दस्तावेज तैयार कर तहसील में पेश करने के आरोप में तीन गिरफ्तार,
रामचंद्रपुर पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायालय में किया पेश, मामले की जांच जारी..
बलरामपुर-रामानुजगंज,
थाना रामचंद्रपुर पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री दस्तावेज तैयार कर तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(3), 338, 336(3), 340(2) एवं 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम रेवतीपुर निवासी 80 वर्षीय अलाउद्दीन अंसारी की जमीन से संबंधित राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटि होने का मामला सामने आया था। बताया गया कि वर्ष 2018-19 में ऑनलाइन रिकॉर्ड संधारण के दौरान शिकायतकर्ता की जमीन का खसरा नंबर 149/2 कथित रूप से संत कुमार ठाकुर के नाम दर्ज हो गया था। इसकी जानकारी होने पर शिकायतकर्ता ने तहसील कार्यालय में रिकॉर्ड सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।
आरोप है कि इसी दौरान उक्त जमीन पर संत कुमार ठाकुर द्वारा बैंक से केसीसी ऋण भी लिया गया था, जिसके चलते रिकॉर्ड में सुधार नहीं हो सका। बाद में तहसील कार्यालय द्वारा संबंधित रजिस्ट्री की प्रति मांगे जाने पर संत कुमार ठाकुर ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कथित रूप से कूटरचित एवं फर्जी रजिस्ट्री दस्तावेज तैयार किए और उन्हें तहसील रामचंद्रपुर में प्रस्तुत कर दिया। इन दस्तावेजों के आधार पर संबंधित राजस्व प्रकरण को नस्तीबद्ध कर दिया गया।
मामले को लेकर आवेदक द्वारा शिकायत पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद एसडीओपी रामानुजगंज के निर्देशन में जांच की गई। जांच के दौरान फर्जीवाड़ा किए जाने की पुष्टि होने पर रामचंद्रपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संत कुमार ठाकुर (42), पिता स्व. माहेश्वरी ठाकुर, एवं हामिद जुलाहा (42), पिता मोजोद्दीन, दोनों निवासी ग्राम रेवतीपुर, थाना रामचंद्रपुर तथा लल्लू नागवंशी (55), पिता विसून नागवंशी, निवासी ग्राम महावीरगंज, थाना रामानुजगंज को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।

