उत्तरप्रदेश की अवैध शराब के साथ महिला गिरफ्तार, 23.9 बल्क लीटर मदिरा जब्त
बलरामपुर,
जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तरप्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित विदेशी एवं देशी मदिरा जब्त की है। मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रघुनाथनगर थाना क्षेत्र निवासी श्रीमती ममता साहू (38 वर्ष), पति शिवशंकर साहू के कब्जे से कुल 23.9 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई। जब्त सभी शराब की बोतलों एवं कैनों पर “For Sale in Uttar Pradesh State Only” अंकित था, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह शराब उत्तरप्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित थी।

जब्त मदिरा में 49 नग ऑरेंज देशी मसाला मदिरा (200 मिली), 25 नग किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर कैन (500 मिली), 3 नग रॉयल चैलेंज व्हिस्की (375 मिली) तथा 3 नग नंबर-1 व्हिस्की (180 मिली) शामिल हैं।
आरोपी महिला के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी शशांक शर्मा के मार्गदर्शन में आबकारी उप निरीक्षक राकेश तिर्की, प्रधान आरक्षक खगेश्वर साय, आरक्षक प्रभात कुमार गुप्ता, हेमंती तिर्की, नगर सैनिक कलिश्त एक्का तथा वाहन चालक दिनेश यादव की टीम द्वारा की गई।

