करवा मिडिल स्कूल में वन महोत्सव के तहत 500 पौधों का रोपण, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प…
बलरामपुर, राजपुर
वन परिक्षेत्र राजपुर के सर्किल गोपालपुर अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला करवा में 24 जुलाई 2026 को वन महोत्सव 2026 के अवसर पर वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वन विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यालय परिसर में 500 पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम में सामरी विधायक श्रीमती उदेश्वरी पैकरा, जनपद अध्यक्ष विनय भगत, जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, उप वनमंडलाधिकारी राजपुर, वन परिक्षेत्राधिकारी राजपुर सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं करवा ग्रामवासी मौजूद रहे।

वन महोत्सव के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में मौलश्री, पीपल, बरगद, आम, आंवला, चार एवं जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधे रोपे गए। इन पौधों में कई प्रजातियां अपने वैदिक एवं औषधीय महत्व के लिए भी जानी जाती हैं।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वन महोत्सव जैसे आयोजनों से लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ती है और अधिक से अधिक लोगों को पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण के लिए प्रेरणा मिलती है।

