मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, दो महिला मजदूरों की मौत, आठ घायल
बलरामपुर,
जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जरगिम मार्ग पर मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से दो महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। इनमें तीन महिलाओं की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार, 15 जुलाई की शाम करीब 6 बजे हुआ। परेवा गांव की करीब 25 महिला मजदूर धान की रोपाई का कार्य समाप्त कर पिकअप वाहन से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान जरगिम-जुड़वानी मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क पर पलट गई।
दुर्घटना में परेवा निवासी विमला नागेशिया और कामेश्वरी पैकरा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला तथा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल तीन महिलाओं को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शंकरगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परेवा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

