अवैध बीज बिक्री पर कृषि विभाग की सख्त कार्रवाई, बिना लाइसेंस बीज बेचने पर बीज जब्त..
बलरामपुर,
जिले के किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज एवं कीटनाशक निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने तथा कृषि दुकानों में कालाबाजारी और अवैध विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशन में कृषि विभाग की टीम जिले के विभिन्न विकासखंडों में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर रही है।
निरीक्षण के दौरान लाइसेंस, स्टॉक, विक्रय अभिलेख, भंडारण व्यवस्था तथा निर्धारित मूल्य पर सामग्री उपलब्ध कराने संबंधी प्रावधानों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत पशुपतिपुर में एक दुकान संचालक को बिना वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) कृषि बीज का विक्रय करते हुए पाया गया। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर कृषि विभाग की टीम ने मौके पर उपलब्ध समस्त बीज को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की।
वहीं, निरीक्षण के दौरान सरस्वती कृषि सेवा केंद्र तथा जायसवाल कृषि विस्तार केंद्र में भी निर्धारित प्रावधानों के उल्लंघन एवं अन्य अनियमितताएं पाई गईं। इस पर कृषि विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद, बीज अथवा कीटनाशक की बिक्री, बिना वैध लाइसेंस के व्यापार तथा अन्य अनियमितताओं में संलिप्त पाए जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद, बीज एवं कीटनाशक खरीदें तथा खरीदारी के समय बिल अवश्य प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी तत्काल कृषि विभाग अथवा जिला प्रशासन को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

