जंगल से भटककर बस्ती पहुंचा हिरण, आवारा कुत्तों के हमले में दर्दनाक मौत,
वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई,
नरेंद्र मिश्रा : बलरामपुर
जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम बड़कीमहरी में रविवार दोपहर एक हिरण की दर्दनाक मौत हो गई। जंगल से भटककर बस्ती में पहुंचे हिरण पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने हिरण को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ग्रामीणों की नजर घायल हिरण पर पड़ी, उन्होंने उसे कुत्तों से बचाने का प्रयास किया और तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही अत्यधिक चोट और अधिक रक्तस्राव के कारण हिरण ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने मृत हिरण को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार पंचनामा तैयार कर अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के जंगलों से अक्सर वन्यजीव भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। ऐसे में वन विभाग को वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

