‘जेबकतरों से सावधान…’ राहुल गांधी बोले- गलती सीबीएसई की, सजा बच्चे को
Last Updated:June 01, 2026, 11:48 IST
Rahul Gandhi Attacks CBSE: सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) व्यवस्था को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और बोर्ड पर निशाना साधा है. उन्होंने दावा किया कि गलत अंक आने पर छात्रों को अपनी उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच के लिए 2000 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं. राहुल ने आरोप लगाया कि शिक्षा को सेवा की बजाय कारोबार बना दिया गया है और इसकी कीमत छात्र चुका रहे हैं.
राहुल गांधी ने सीबीएसआई की ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (OSM) प्रणाली को लेकर केंद्र सरकार और बोर्ड पर निशाना साधा है.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (OSM) प्रणाली को लेकर केंद्र सरकार और बोर्ड पर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यदि किसी छात्र के अंक गलत दर्ज हो जाते हैं, तो उसे अपनी ही उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच कराने के लिए भारी रकम खर्च करनी पड़ती है.
राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि छात्रों और अभिभावकों को ‘जेबकतरों से सावधान’ रहने की जरूरत है, क्योंकि ये अब सीबीएसई के भीतर बैठे हैं. राहुल गांधी ने लिखा, ‘जेबकतरों से सावधान, आज वो सीबीएसई के अंदर बैठे हैं. सीबीएसई की गलती से नंबर ग़लत आए तो आपको क्या मिलता है?’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अपनी ही उत्तर पुस्तिका की सही जांच के लिए एक बच्चे को 2000 रुपये तक भरने पड़ सकते हैं. उनका कहना है, ‘सोचिए, जब चार लाख बच्चों ने ऐसे आवेदन डाले हैं तो सीबीएसई कितनी कमाई कर रहा है. जब स्कैनिंग फ़ोन से हुई हो, तो गलत मार्किंग तय है, और उसे ठीक करवाने की क़ीमत बच्चा भर रहा है. गलती सीबीएसई की. सज़ा बच्चे को. कमाई सरकार की.’
राहुल गांधी ने दावा किया, ‘जब शिक्षा को सेवा नहीं, कारोबार बना दिया जाए तब गलती सुधारी नहीं जाती, बढ़ाई जाती है. इसकी सबसे बड़ी क़ीमत हमारे बच्चे चुका रहे हैं, अपने समय से, अपने आत्मविश्वास से, और अपने भविष्य से.’
कांग्रेस सांसद की इस टिप्पणी के बाद शिक्षा व्यवस्था, मूल्यांकन प्रक्रिया और पुनर्मूल्यांकन शुल्क को लेकर नई बहस शुरू हो गई है. हालांकि, सीबीएसई की ओर से राहुल गांधी के आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
About the Author
साद बिन उमर को पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है, जिनमें से 12 साल उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता को दिए है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने आज तक, एनडीटीवी, पीटीआई और नया इंडिया जैसे प्र…और पढ़ें
News18 न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
New Delhi,Delhi

