इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों की संदिग्ध आत्महत्या के मामलों ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक लॉ छात्र, एक इंजीनियरिंग छात्र और एक एमपी ऑनलाइन कियोस्क संचालक मृत पाए गए। तीनों मामलों की पुलिस जांच कर रही है।
पहला मामला पलासिया थाना क्षेत्र का है, जहां कानून की पढ़ाई कर रहे छात्र आदर्श सोलंकी अपने घर में मृत पाए गए। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है।
दूसरी घटना हीरानगर थाना क्षेत्र की है। यहां इंजीनियरिंग के छात्र राजकुमार कुशवाह की संदिग्ध आत्महत्या का मामला सामने आया। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई और शिक्षा ऋण (एजुकेशन लोन) को लेकर मानसिक तनाव में था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Ram Mandir Donation Theft : जांच तेज, ट्रस्ट में हलचल, दो वरिष्ठ पदाधिकारियों के इस्तीफे की चर्चा
तीसरा मामला आजाद नगर थाना क्षेत्र का है, जहां गजेंद्र, जो एमपी ऑनलाइन कियोस्क का संचालन करते थे, अपने घर में मृत पाए गए। परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह गहरे सदमे में थे। पुलिस ने इस मामले में भी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों घटनाओं में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस परिजनों, दोस्तों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर मौत के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
एक ही दिन में सामने आए इन मामलों ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि तनाव, आर्थिक दबाव और व्यक्तिगत परिस्थितियों जैसी चुनौतियों का समय रहते समाधान और परामर्श उपलब्ध होना बेहद आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति लंबे समय से तनाव या भावनात्मक कठिनाइयों से जूझ रहा हो, तो परिवार, मित्रों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से समय पर सहायता लेना महत्वपूर्ण हो सकता है।

