मनीराम यादव को एकतरफा कार्यमुक्त किया गया, छुट्टी का हवाला देकर मुख्यालय से बाहर जाने की चर्चा; नरेंद्र कुमार नीरपुरे ने संभाला डीईओ का प्रभार।
बलरामपुर।
जिले के शिक्षा विभाग में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी के पद को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। शासन स्तर से मनीराम यादव को प्रभारी डीईओ पद से हटाकर नए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार नीरपुरे की नियुक्ति के आदेश के बाद भी पदभार सौंपने की प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार मनीराम यादव को एकतरफा कार्यमुक्त किए जाने के बावजूद उन्होंने तत्काल पदभार सौंपने में आनाकानी की।
बताया जा रहा है कि नए प्रभारी डीईओ नरेंद्र कुमार नीरपुरे ने गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रामानुजगंज पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। वहीं तत्कालीन प्रभारी डीईओ मनीराम यादव के पदभार सौंपने को लेकर स्थिति विवादित बनी रही। सूत्रों के अनुसार मनीराम यादव ने छुट्टी का हवाला दिया और मुख्यालय से बाहर चले गए।
करोड़ों की वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच पद छोड़ने में देरी पर सवाल
मनीराम यादव का नाम पूर्व में सामने आए करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर भी चर्चा में रहा है। मामले में जांच के बाद कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजे जाने की बात सामने आई थी। ऐसे में शासन के आदेश के बाद भी पदभार हस्तांतरण में कथित देरी ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि, वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोपों पर अंतिम जिम्मेदारी और दोष का निर्धारण सक्षम जांच एवं शासन स्तर की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगा।
आखिर डीईओ की कुर्सी से क्यों नहीं छूट रहा मोह?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शासन ने नए प्रभारी डीईओ की नियुक्ति कर दी और मनीराम यादव को पद से कार्यमुक्त कर दिया गया, तो तत्काल पदभार हस्तांतरण में अड़चन क्यों आई? क्या अवकाश के आधार पर पदभार हस्तांतरण टाला जा सकता है? और यदि नहीं, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होगी?
नए प्रभारी डीईओ नरेंद्र कुमार नीरपुरे के पदभार ग्रहण करने के बाद अब शिक्षा विभाग में प्रशासनिक कामकाज नए सिरे से शुरू होने की उम्मीद है। वहीं मनीराम यादव से जुड़े पुराने वित्तीय अनियमितता के मामलों और पदभार हस्तांतरण की स्थिति पर विभागीय स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

