सरगुजा में आकाशीय बिजली का कहर, 3 की मौत और एक गंभीर घायल
सरगुजा/अंबिकापुर
सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डुमकी के खुटापारा में रविवार को आकाशीय बिजली ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरे गांव में मातम छा गया। अचानक बदले मौसम के बीच तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से 5 वर्षीय मासूम सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बारिश शुरू होने से पहले दो बच्चे स्कूल मैदान में आम बीनने गए थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। वहीं पास में गाय चरा रहा एक युवक भी बिजली की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद खुटापारा गांव में शोक की लहर है। मासूम बच्चे सहित तीन लोगों की असमय मौत से पूरा गांव गमगीन है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।

