सूरजपुर ब्रेकिंग : जमीन विवाद में बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर,
जिले में जमीन विवाद को लेकर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लवलीहुड कॉलेज के पास दिनदहाड़े सगे रिश्तेदारों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक किसी न्यायालयीन कार्य से कोर्ट गया हुआ था और वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से भूमि संबंधी विवाद चल रहा था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है तथा आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

