विदाई समारोह में एसपी ने छात्रा को अपनी कुर्सी पर बैठाया, कहा—’सपनों को मेहनत से साकार करो’
सूरजपुर,
जिले के पुलिस अधीक्षक सह डीआईजी प्रशांत सिंह ठाकुर के तबादले के अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में एक भावुक और प्रेरणादायक पल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं अपने प्राचार्य के साथ एसपी से मुलाकात करने पहुंचीं। इसी दौरान एक छात्रा ने अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि वह भविष्य में पुलिस अधिकारी बनना चाहती है।
छात्रा की बात सुनकर एसपी प्रशांत सिंह ठाकुर ने उसे प्रोत्साहित करने के लिए अपनी कुर्सी पर बैठाया और कहा कि यदि वह पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करेगी तो एक दिन वह भी इस कुर्सी तक जरूर पहुंचेगी। एसपी की इस आत्मीय पहल ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया और छात्राओं का उत्साह भी बढ़ा।
विदाई समारोह में उपस्थित शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों और अन्य लोगों ने इस पल की सराहना करते हुए इसे युवाओं को प्रेरित करने वाला संदेश बताया। छात्राओं ने भी एसपी से मार्गदर्शन प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह ठाकुर का तबादला रायपुर पुलिस मुख्यालय में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर किया गया है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में कई उल्लेखनीय पहल कीं।
विदाई समारोह का यह प्रेरक क्षण अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। छात्रा को अपनी कुर्सी पर बैठाकर एसपी ने यह संदेश दिया कि बड़े सपने देखने वाले विद्यार्थियों को अवसर, प्रेरणा और आत्मविश्वास देना समाज की साझा जिम्मेदारी है। यह पहल न केवल उस छात्रा के लिए यादगार बनी, बल्कि अन्य बच्चों के लिए भी अपने लक्ष्य को हासिल करने की प्रेरणा बन गई।

