प्रेमनगर/वाड्रफनगर। देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के प्रति सम्मान एवं भाईचारे की भावना को प्रकट करने के उद्देश्य से DAV MPS प्रेमनगर में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 5वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे सैनिकों के लिए राखी भेजने के अभियान के अंतर्गत किया गया। विद्यार्थियों ने देश की रक्षा में दिन-रात तत्पर रहने वाले जवानों के लिए प्रेम एवं सम्मान के साथ राखियां तैयार कीं और उन्हें भेजने हेतु एकत्रित किया।

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष, वाड्रफनगर श्रीमती अंजू कुशवाहा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सैनिक हमारे देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं। उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का यह अभियान बच्चों में देशभक्ति, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सराहनीय प्रयास है।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने राखियों के माध्यम से सैनिक भाइयों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
स्कूल के प्राचार्य श्री अंशू कुमार यादव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को देश, समाज और राष्ट्र की सेवा के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

