कीव। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। NATO शिखर सम्मेलन से ठीक पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया। रातभर चले इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हमले के बाद शहर के कई हिस्सों में धमाकों और आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार, रूस ने सोमवार तड़के कीव पर बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ बड़ी संख्या में ड्रोन दागे। एक सप्ताह से भी कम समय में राजधानी कीव पर यह दूसरा बड़ा हमला है। हमले के दौरान पूरे शहर में एयर रेड सायरन बजते रहे और लोग अपनी जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों व बंकरों में शरण लेने को मजबूर हुए।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि हमले के बाद बचाव दल पूरी रात क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटा रहा। कई रिहायशी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है और राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, हमले में राजधानी कीव में सात लोगों की मौत हुई, जबकि राजधानी के उत्तर-पश्चिम स्थित बुचा जिले में एक अन्य व्यक्ति की जान गई। इसके अलावा कम से कम 34 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन का एक साथ इस्तेमाल किया गया। सुबह तड़के सेंट्रल कीव में लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। एयर रेड सायरन पहले ही सक्रिय कर दिए गए थे, जिससे बड़ी संख्या में नागरिक सुरक्षित स्थानों पर पहुंच सके।
रूस और यूक्रेन के बीच चार वर्षों से जारी युद्ध के बीच इस ताजा हमले ने एक बार फिर शांति वार्ता की संभावनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। NATO शिखर सम्मेलन से पहले हुए इस हमले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहद महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

