रायपुर/कोरिया : कोरिया ट्रिपल मर्डर केस की होगी CBI जांच, गृह विभाग ने जारी किया आदेश
रायपुर,
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोरिया ट्रिपल मर्डर केस में अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) जांच करेगी। राज्य के गृह विभाग ने मामले की CBI जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में एक बार फिर इस सनसनीखेज हत्याकांड की चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि कोरिया जिले में हुए इस चर्चित हत्याकांड में फॉर्च्यूनर कार के भीतर भाजपा नेता सहित तीन लोगों को जिंदा जला दिया गया था। इस निर्मम वारदात में तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग लगातार उठ रही थी।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद पीड़ित पक्ष और विभिन्न संगठनों की ओर से मामले की CBI जांच की मांग की जा रही थी। अब गृह विभाग के आदेश के बाद इस मामले की जांच CBI के हवाले किए जाने का रास्ता साफ हो गया है।
माना जा रहा है कि CBI अब पूरे घटनाक्रम, हत्या के कारणों, साजिश, आरोपियों की भूमिका और अन्य सभी पहलुओं की नए सिरे से जांच करेगी। इससे मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों के सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल गृह विभाग के आदेश के बाद CBI द्वारा मामले की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर जांच शुरू किए जाने की तैयारी की जा रही है।

