मारपीट के विरोध में थाने पहुंचा पूरा पटवारी संघ, कार्रवाई की मांग… लखनपुर के सेलरा गांव की घटना से राजस्व अमले में भारी आक्रोश…
सरगुजा/अंबिकापुर
जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सेलरा में सरकारी कार्य के दौरान एक पटवारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई और राजस्व पटवारी संघ ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए लखनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, पटवारी राजस्व अभिलेखों के आधार पर जमीन का सीमांकन एवं नाप-जोख करने के लिए सेलरा गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पड़ोसी भूमि स्वामी से जमीन की नाप को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर संबंधित व्यक्ति ने पटवारी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व पटवारी संघ के सदस्य बड़ी संख्या में लखनपुर थाना पहुंचे और सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा मारपीट करने वाले आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। संघ ने कहा कि यदि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होंगे।
फिलहाल लखनपुर पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह पूरा मामला सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेलरा का है।

