Nitish Reddy Injury नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लीन स्वीप करने वाली भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी क्वाड्रिसेप्स इंजरी के कारण आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए हैं। इससे पहले टीम के अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी चोट के चलते टीम से बाहर हो चुके हैं।
भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है, जिसके बाद इंग्लैंड दौरे पर तीन वनडे और पांच टी-20 मुकाबलों की श्रृंखला खेली जाएगी। नीतीश रेड्डी का चयन तीनों प्रारूपों की टीम में हुआ था और हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में उन्हें अहम जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद थी।
जांघ की चोट बनी परेशानी
नीतीश रेड्डी को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान जांघ में दर्द की शिकायत हुई थी। इसी कारण वह दूसरे वनडे मुकाबले में अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं बन सके थे। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार वह करीब तीन सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहेंगे।
उनकी जगह युवा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को मौका मिल सकता है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट और हालिया टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन किया है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी का पहला बड़ा इम्तिहान
आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज भारतीय टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए बेहद खास रहने वाली है। कप्तान बनने के बाद यह उनकी पहली टी-20 सीरीज होगी। ऐसे में सभी की नजरें उनकी कप्तानी और रणनीति पर टिकी रहेंगी।
भारतीय खिलाड़ी मंगलवार को जबकि कोचिंग स्टाफ बुधवार को आयरलैंड रवाना होगा। श्रेयस अय्यर को ऐसे समय में टीम की कमान सौंपी गई है जब भारत हाल के वर्षों में टी-20 क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करता रहा है।
सूर्यकुमार यादव की विरासत को आगे बढ़ाने की चुनौती
पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी आक्रामक कप्तानी और बेहतरीन नेतृत्व से भारतीय टीम को नई पहचान दिलाई थी। उनकी कप्तानी में भारत ने टी-20 विश्व कप का खिताब भी जीता था। ऐसे में अब श्रेयस अय्यर के सामने उस सफलता को आगे बढ़ाने और टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की बड़ी चुनौती होगी।

