*बलरामपुर, 03 सितंबर 2026/* सरगुजा संभाग के संभागायुक्त श्री नरेंद्र कुमार दुग्गा एवं कलेक्टर श्रीमती चन्दन संजय त्रिपाठी ने जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम छत्तरपुर एवं कालिकापुर में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं खेत में उतरकर फसल आच्छादन की स्थिति एवं तकनीकी सर्वे की वास्तविक प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया।
ग्राम छत्तरपुर में निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने मूंगफली तथा धान की फसलों के सर्वे कार्य की जांच की। उन्होंने सर्वे कार्य में संलग्न अमले को निर्देशित किया कि फसल प्रविष्टि का कार्य पूरी सावधानी, शुद्धता एवं पारदर्शिता के साथ करें, ताकि किसी भी कृषक का रकबा अथवा फसल विवरण त्रुटिपूर्ण न रहे।
इसके उपरांत ग्राम कालिकापुर में संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने खेतों के बीच पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे की संपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया का सघन अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद राजस्व एवं कृषि विभाग के मैदानी अमले को सर्वे से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्रुटिरहित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
*संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने किया पौधारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त एवं कलेक्टर श्रीमती चन्दन संजय त्रिपाठी ने रामचंद्रपुर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर संभागायुक्त ने आम एवं कलेक्टर ने नींबू के पौधे का रोपण किया। साथ ही उपायुक्त सरगुजा श्री आर.के. खूंटे, उपायुक्त श्रीमती शारदा अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री आनंद राम नेताम सहित अन्य अधिकारियों ने भी विभिन्न फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया।

