सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रामपुर बघेलान बायपास स्थित एक शराब दुकान में जिला पंचायत सदस्य के पति द्वारा जमकर हंगामा किए जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य के पति अनूप सिंह उर्फ अन्नू सिंह (मतहा) अपने बेटे श्रेयस के साथ शाम करीब 6:30 बजे शराब दुकान पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान के सेल्समैन से मुफ्त में शराब देने की मांग की। जब सेल्समैन ने शराब देने से इनकार किया, तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
Explainer : डील फाइनल होगी या फिर बढ़ेगा तनाव, अमेरिका- Iran’ समझौते की 5 बड़ी चुनौतियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान अन्नू सिंह इतना आक्रोशित हो गए कि उन्होंने अपनी कार से सेल्समैन को कुचलने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उन्होंने वाहन को कई बार आगे-पीछे करते हुए कर्मचारी की ओर दौड़ाया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना का सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरा घटनाक्रम स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। शराब ठेकेदार की ओर से इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है।
हालांकि, अब तक पुलिस की ओर से किसी ठोस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का क्षेत्र में राजनीतिक प्रभाव है, जिसके चलते कार्रवाई में देरी हो रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में आरोपी के बेटे पर भी एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने कानून व्यवस्था और राजनीतिक प्रभाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

