बलरामपुर।बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में हाल ही में सामने आए सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और इसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है।
मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर वाड्रफनगर पहुंचे अमरजीत भगत ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि दिनदहाड़े इस प्रकार की गंभीर घटनाओं का होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि अपराधियों में शासन और प्रशासन का भय दिखाई नहीं दे रहा है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालांकि उन्होंने वाड्राफनगर पुलिस को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।पूर्व मंत्री ने कहा कि पुलिस को अपनी कार्यप्रणाली और छवि ऐसी बनाए रखनी चाहिए जिससे अपराधियों में कानून का खौफ बना रहे। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करेगी।अमरजीत भगत ने पुलिस प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा उन्हें न्यायालय से कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।गौरतलब है कि वाड्रफनगर पुलिस क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

