चंद्रिका कुशवाहा
सूरजपुर। प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक शकुंतला सिंह पोर्टे ने एक बार फिर जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वार्ड क्रमांक-3 में घर-दुकान खाली कराने संबंधी नोटिस के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। नगर पंचायत प्रतापपुर के व्यापारी संघ अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश गुप्ता के निवास पर आयोजित सौजन्य भेंट एवं जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्षों से बसे लोगों के घर किसी भी कीमत पर उजड़ने नहीं दिए जाएंगे।
व्यापारी संघ अध्यक्ष राजेश गुप्ता के निवास पहुंची विधायक का नागरिकों, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं अन्य जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
चर्चा के दौरान वार्ड क्रमांक-3 में जनपद पंचायत एवं तहसील प्रशासन द्वारा जारी किए गए नोटिसों का मामला भी प्रमुखता से उठा। बताया गया कि वर्षों से काबिज परिवारों एवं दुकानदारों को घर-दुकान खाली करने के नोटिस मिलने से क्षेत्र में चिंता और असंतोष का माहौल है। मामला सामने आते ही विधायक ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो तथा नोटिस की कार्रवाई पर पुनर्विचार किया जाए।
विधायक शकुंतला सिंह पोर्टे ने उपस्थित लोगों के बीच कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने दो टूक कहा कि वर्षों से बसे लोगों के घर उजाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जरूरत पड़ी तो वे स्वयं जनता के साथ खड़े होकर संघर्ष करेंगी।
इस दौरान व्यापारी संघ अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने भी क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक एवं विकास संबंधी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में दीनानाथ गुप्ता, मोहन पांडे, कृष्ण मुरारी शुक्ला, अवधेश पांडे, सांसद प्रतिनिधि आनंद शुक्ला, लक्ष्मी गुप्ता, जुल्फिकार कादरी, काजू कश्यप, अमन मित्तल सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
■ खास बात
वार्ड-3 के नोटिस विवाद पर विधायक का सख्त रुख सामने आने के बाद प्रभावित परिवारों में राहत का माहौल है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान निकालते हुए वर्षों से बसे परिवारों के हितों की रक्षा करेगा।

