मोहला-मानपुर : 11 वर्षीय मासूम को कुचलने वाला ट्रक चालक गिरफ्तार, नाकाबंदी तोड़ पुलिस जवानों को भी कुचलने की कोशिश
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
ग्राम गुण्डरदेही में 11 वर्षीय मासूम बालिका की सड़क दुर्घटना में मौत के मामले में फरार ट्रक चालक को पुलिस ने तीन थानों की संयुक्त एवं त्वरित कार्रवाई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने भागने के दौरान पुलिस की नाकाबंदी तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात जवानों को भी ट्रक से कुचलने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को ट्रक क्रमांक MH40CT6621 का चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए 11 वर्षीय कु. पुनम खवास को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही अंबागढ़ चौकी पुलिस ने नाकाबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने शासकीय स्टॉपर को टक्कर मारते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए अपनी जान बचाई।
इसके बाद थाना मोहला और थाना मानपुर पुलिस को सूचना देकर संयुक्त नाकाबंदी की गई। आरोपी ने वहां भी स्टॉपर तोड़ते हुए पुलिस जवानों को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन तीनों थानों की पुलिस ने लगातार पीछा कर आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेंद्र सिंह (33 वर्ष), पिता देवी सिंह, निवासी ग्राम बारी खुर्द, तहसील तालबेहट, जिला ललितपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
मृत बालिका के मामले में थाना अंबागढ़ चौकी में अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। जांच के दौरान आरोपी के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर धारा 105 BNS तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 भी जोड़ी गई है।
वहीं, पुलिस पर जानलेवा हमला, शासकीय नाकाबंदी तोड़ने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में तहत धारा 109(1) BNS एवं लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है।
दोनों प्रकरण गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस वाहन स्वामी की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच कर रही है। जिला पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय पूर्ण सावधानी बरतने की अपील की है।

