बलरामपुर,22 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत महावीरगंज में स्थित मिल्क चिलिंग सेंटर का निरीक्षण कर दुग्ध संग्रहण एवं शीतलीकरण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने सेंटर में दूध के संग्रहण, गुणवत्ता परीक्षण, चिलिंग तथा आगे भेजे जाने की प्रक्रिया के संबंध में समिति के सदस्यों से विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
कलेक्टर ने समिति से जुड़े पशुपालकों एवं दुधारू गायों की संख्या की जानकारी लेते हुए दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों और पशुपालकों की सहभागिता से दुग्ध व्यवसाय को रोजगार एवं आय का बेहतर माध्यम बनाया जा सकता है।
उन्होंने दुग्ध व्यवसाय को बड़े स्तर पर विकसित करने के लिए महिला स्व-सहायता समूहों को इससे जोड़ने का सुझाव दिया। कलेक्टर ने कहा कि समूह की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से दूध उत्पादन, संग्रहण एवं विपणन की गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा सकता है। इससे महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर नियमित आय के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने मिल्क चिलिंग सेंटर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा दुग्ध व्यवसाय को लाभकारी एवं टिकाऊ गतिविधि के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय पशुपालकों और महिला समूहों को जोड़कर सामूहिक प्रयास करें, ताकि दुग्ध उत्पादन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री चेतन बोरघरिया, अनुविभागीय अधिकारी श्री आनंद राम नेताम, उप संचालक पशुपालन श्री एस. एस. सेंगर, तहसीलदार श्री मनोज पैंकरा, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

