बलरामपुर
शनिवार की आधी रात बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर नगर में उस समय दहशत फैल गई, जब एक जंगली हाथी अचानक घनी आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। हाथी के शहर में प्रवेश करते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों के दरवाजे बंद कर अंदर दुबक गए, जबकि बाहर सड़कों पर सन्नाटा छा गया।
जानकारी के अनुसार, जंगली हाथी देर रात मुख्य सब्जी मंडी क्षेत्र और आसपास की रिहायशी बाड़ियों में काफी देर तक घूमता रहा। इस दौरान उसने कई बाड़ियों में घुसकर उत्पात मचाया, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरी रात उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।

वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने लोगों से घरों के अंदर ही रहने, हाथी के पास न जाने और किसी भी तरह की भीड़ नहीं लगाने की अपील की। टीम लगातार हाथी को सुरक्षित तरीके से आबादी से बाहर निकालकर जंगल की ओर मोड़ने का प्रयास करती रही।स्थानीय निवासी रामजनक कुशवाहा ने बताया कि देर रात अचानक हाथी के शहर में आने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग अपने परिवार के साथ घरों में बंद हो गए। हाथी कई बाड़ियों में घुस गया था। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरी रात हाथी को जंगल की ओर भेजने की कोशिश करती रही।

यह घटना बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र की है। वन विभाग ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।

