अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, पांच दिनों में 10 वाहन जब्त
पांगन और कन्हर नदी में ड्रोन से हुआ सर्वे, चार जिलों के अधिकारी रहे मौजूद
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। विगत पांच दिनों के दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 10 वाहनों को जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार बरियों थाना क्षेत्र में एक टिप्पर, राजपुर थाना क्षेत्र में तीन ट्रैक्टर, तातापानी चौकी क्षेत्र में दो ट्रैक्टर तथा विजयनगर चौकी क्षेत्र में चार ट्रैक्टरों को अवैध खनिज परिवहन करते पाए जाने पर जब्त किया गया। खनिज निरीक्षक द्वारा वाहनों को नियमानुसार संबंधित थानों एवं चौकियों को सुपुर्द कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इधर, जिले में अवैध खनन की शिकायतों की जांच के लिए रायपुर से पहुंची विशेष माइनिंग टीम ने उत्तर प्रदेश सीमा से लगे पांगन नदी एवं कन्हर नदी क्षेत्र का ड्रोन सर्वे किया। ड्रोन की सहायता से नदी क्षेत्रों में खनन गतिविधियों का निरीक्षण किया गया तथा संभावित अवैध उत्खनन स्थलों की जानकारी एकत्र की गई।
जिले के सीमा क्षेत्र में स्थित इन नदियों में खनन गतिविधियों की निगरानी के लिए चार जिलों से आए खनिज विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जांच की। इस दौरान खनिज निरीक्षक सुब्रत साना सहित अन्य जिलों के खनिज अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

