कोरिया नौगई हत्याकांड: कोरिया। जिले के सोनहत क्षेत्र अंतर्गत नौगई हत्याकांड को लेकर मृतकों के परिजनों का आक्रोश मंत्री रामविचार नेताम के सामने फूट पड़ा। मृतक परिवार से मिलने पहुंचे मंत्री को परिजनों ने रो-रोकर अपनी पीड़ा सुनाई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने भावुक होकर सवाल उठाया कि क्या सत्ता पक्ष के लोग आरोपियों को बचा रहे हैं? क्या रेणुका सिंह का संरक्षण मिलने के कारण आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों का जिस तरह जुलूस निकाला गया, वह सम्मान जैसा प्रतीत हो रहा था।
Qatar Gas Plant Explosion : बरजान गैस संयंत्र में भीषण विस्फोट, 54 घायल, 18 से अधिक लापता
पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल
मृतकों के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि आरोपियों को पकड़ने के बाद जिस तरह से उन्हें पटना क्षेत्र में घुमाया गया, वह आम आरोपी जैसा व्यवहार नहीं था। परिजनों ने प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए नाराजगी जाहिर की।
परिजनों की मांग: बुलडोजर कार्रवाई और CBI जांच
परिवार के लोगों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई, मामले की सीबीआई जांच और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मंत्री रामविचार नेताम ने परिजनों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान मौके पर स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल और शैलेश शिवहरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, नौगई गांव में रेत घाट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के परिजनों का मनोज त्रिपाठी के परिवार से अवैध खनन को लेकर विवाद था।
16 जून की देर रात आरोपियों ने भरत सिंह को उनके घर के पास घेर लिया। इसके बाद फॉर्च्यूनर कार को आगे-पीछे से हाईवा लगाकर रोका गया और उसमें पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।
कार में सवार भरत सिंह की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि अन्य लोग किसी तरह बाहर निकले। बाहर निकलने के बाद आरोपियों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल विरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मनोज त्रिपाठी समेत कुल 9 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

