Ketan Agarwal Murder Case : चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब एक भावुक और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। हत्या की मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने पहली बार मीडिया के सामने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि यदि उनकी बेटी इस मामले में दोषी साबित होती है तो उसे कानून के अनुसार सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती प्रवीण गोयल ने कहा कि यदि उनकी बेटी ने यह जघन्य अपराध किया है तो उसे किसी भी तरह की रियायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिसने भी केतन अग्रवाल की हत्या की है, उसे उसके अपराध के अनुरूप कड़ी सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह उनकी बेटी ही क्यों न हो।
भारत मेलॉन्च होगी Oppo Reno 16 Series, 50MP ट्रिपल कैमरा और नए AI फीचर्स से होगी लैस
उन्होंने कहा कि एक पिता होने के बावजूद वह इस तरह के अपराध का समर्थन नहीं कर सकते। प्रवीण गोयल ने बताया कि केतन अग्रवाल का परिवार उनके बेहद करीब था और दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुराने पारिवारिक संबंध थे। उन्होंने कहा, “हमने सिर्फ एक होने वाला दामाद नहीं, बल्कि एक बेटा और एक अच्छा रिश्ता खो दिया है।”
प्रवीण गोयल ने यह भी कहा कि उन्हें अब तक विश्वास नहीं हो रहा कि उनकी 19 वर्षीय बेटी ऐसा कदम उठा सकती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कथित सह-आरोपी चेतन चौधरी को कभी नहीं देखा था और न ही पहले उसका नाम सुना था।
वहीं, सिया गोयल की मां ने भी अदालत से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि केतन उनके लिए बेटे जैसा था और इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
गौरतलब है कि रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। फिलहाल अदालत में आरोपों की सुनवाई और जांच की प्रक्रिया जारी है।

