Jharkhand Road Accident : रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास रामगढ़-बोकारो रोड (एनएच-23) पर ट्रक और पैसेंजर पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक कथित तौर पर रॉन्ग साइड में आ गया और सामने से आ रहे पैसेंजर वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन कई फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया। हादसे में वाहन में सवार ‘ताशा पार्टी’ के सात सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
भारत मेलॉन्च होगी Oppo Reno 16 Series, 50MP ट्रिपल कैमरा और नए AI फीचर्स से होगी लैस
कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी सदस्य
पुलिस के अनुसार, मृतकों में अधिकांश रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमार्चा गांव के निवासी थे। सभी एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। घायल को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर रांची के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
रॉन्ग साइड में ट्रक आने की आशंका
रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड में जाकर पैसेंजर वाहन को टक्कर मारने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
चार दिन में दूसरी बड़ी दुर्घटना
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले चार दिनों के भीतर इसी स्थान पर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। दोनों हादसों में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। लोगों का आरोप है कि लारी-बरलौंग क्षेत्र दुर्घटनाओं का ब्लैक स्पॉट बन चुका है, लेकिन सड़क सुरक्षा के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण
दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने, ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने में जुटी रही।

