मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मैहर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर एक तेज रफ्तार एक्सयूवी (XUV) ट्रक से पीछे जा टकराई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना नादन थाना क्षेत्र के ग्राम रीघरा के पास रात करीब एक बजे हुई।
जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य एक रिश्तेदार के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी एक्सयूवी सामने चल रहे ट्रक से पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग कार के अंदर ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी।
पूर्व विधायक के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में मृतकों की पहचान अंकुर पटेल, मृदुन पटेल, विशेष पटेल, हरिशंकर पटेल और एक अन्य परिजन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के परिवार से जुड़े थे। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
बलरामपुर मे स्कूल से लौट रहे मासूम बच्चों को शराबी ने दौड़ाया, परिजनों की शिकायत पर आरोपी जेल भेजा
एक युवक की हालत गंभीर
दुर्घटना में संजीव कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
अस्पताल पहुंचे पूर्व मंत्री
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल का हालचाल जाना और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना व्यक्त की। साथ ही प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ट्रक से पीछे से हुई टक्कर को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ट्रक चालक से भी पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एक ही परिवार के पांच सदस्यों की असमय मौत से मैहर और आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

