बलरामपुर। जिले में शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। राजपुर थाना क्षेत्र के सेवारी के पास मुख्य मार्ग पर करीब रात 2 बजे पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
टमाटर की खेती के लिए जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, पिकअप में कुल 10 मजदूर सवार थे, जो टमाटर की खेती के काम के लिए शंकरगढ़ जा रहे थे। सभी मजदूर सूरजपुर जिले के नरोला गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

इसी दौरान सेवारी के पास मुख्य मार्ग पर पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
7 मजदूर गंभीर, अंबिकापुर रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सातों गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
बलरामपुर ब्रेकिंग: पिकअप-ट्रक की टक्कर में 3 मजदूरों की मौत और 7 गंभीर रूप से घायल होने की इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

