चंदौली । मुगलसराय में रीबॉर्न ट्रस्ट उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित पूर्वांचल स्तरीय मेहंदी प्रतियोगिता ‘संस्कृति–द मेहंदी फेस्ट 2026’ का प्रथम संस्करण रविवार को सेठ एम.आर. जयपुरिया विद्यालय के सभागार में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से आई प्रतिभागियों ने मेहंदी कला का शानदार प्रदर्शन कर अपनी रचनात्मकता और कौशल का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच समाज में छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का कार्य करते हैं। विशिष्ट अतिथियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और भारतीय संस्कृति व लोक कलाओं के संरक्षण में इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।
प्रतियोगिता में वंदना सोनकर ने प्रथम अनुषा राव ने द्वितीय और रिमझिम मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी पदक और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान किए गए।
रीबॉर्न ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष सतनाम सिंह ने बताया कि “संस्कृति” केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि कला संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति का उत्सव है। उन्होंने घोषणा की कि इसे ट्रस्ट के फ्लैगशिप इवेंट के रूप में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाएगा और भविष्य में इसे प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर तक विस्तार दिया जाएगा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही ट्रस्ट ने ‘संस्कृति ऑनर’ और ‘द रीबॉर्न लेगेसी ऑनर’ नामक नई सम्मान श्रृंखलाओं का शुभारंभ किया।
आयोजकों ने बताया कि ‘संस्कृति–द मेहंदी फेस्ट 2027’ अगले वर्ष और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा

