चंदौली। बिहार में भरत भूषण तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत को लेकर शनिवार को चकिया त्रिमुहानी स्थित मानसरोवर तालाब परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मोमबत्ती जलाकर दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मौत से जुड़े मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में अब तक संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून के शासन और संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
छात्र नेता अजय यादव ‘गोलू’ ने भी घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता या अधिकारों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सरकार एवं संबंधित एजेंसियों से मामले की पारदर्शी जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
श्रद्धांजलि सभा में संतोष कुमार पाठक एडवोकेट, अजय यादव गोलू, अरुण द्विवेदी, अजय तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नोट: सभा में वक्ताओं द्वारा व्यक्त विचार उनके व्यक्तिगत आरोप और मांगें हैं। मामले से संबंधित तथ्यों की पुष्टि सक्षम जांच एजेंसियों की रिपोर्ट एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

