बलरामपुर में जमीन विवाद में बड़े भाई की हत्या के मामले में दो सगे भाई गिरफ्तार त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के राधानगर गांव की घटना
बलरामपुर/रामानुजगंज
जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राधानगर में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुजमोहन जगते और हरिमोहन जगते, दोनों निवासी ग्राम राधानगर, थाना त्रिकुंड, जिला बलरामपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी जय सिंह जगते, पिता स्व. गोपी राम जगत, जाति गोंड़, उम्र 35 वर्ष, निवासी राधानगर (चितामांद पारा) ने थाना त्रिकुंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पूर्व से उसके परिवार का हरिमोहन जगते के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शिकायत के मुताबिक, 20 जुलाई 2026 को उसका बड़ा भाई जयकरण जगते मोटरसाइकिल से स्कूल पढ़ाने जा रहा था। इसी दौरान हरिमोहन जगते और बुजमोहन जगते रास्ते में उसके पास पहुंचे और जमीन विवाद को लेकर जयकरण की गाड़ी रोककर उसे खींचते हुए सड़क किनारे ले गए।
आरोप है कि दोनों ने जयकरण पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर त्रिकुंडा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 103(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथौड़ा और चाकू बरामद कर जब्ती की कार्रवाई की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।

