छत्तीसगढ़ मोहला-मानपुर : मासूम बच्चे को रौंदकर भागा ट्रक, पुलिस की टीम को भी कुचलने का किया प्रयास
नरेंद्र मिश्रा, मोहला-मानपुर
जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गुंडरदेही गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक मासूम बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल उसका पीछा शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि फरार ट्रक को रोकने के लिए मोहला और मानपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेडिंग की, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय बैरिकेड्स तोड़ दिए और महाराष्ट्र की ओर भाग निकला।
इस दौरान मानपुर क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार में ट्रक उनकी ओर बढ़ा दिया। पुलिसकर्मी और अधिकारी किसी तरह समय रहते हटे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पुलिसकर्मियों को भी रौंद सकता था, लेकिन जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पुलिस ने ट्रक का पीछा और तेज कर दिया है। महाराष्ट्र सीमा पर भी पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है तथा बॉर्डर को सील कर ट्रक की तलाश की जा रही है। कई पुलिस टीमें लगातार पीछा कर रही हैं।
फिलहाल मासूम बच्चे की स्थिति और ट्रक चालक की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक को जल्द पकड़ने का दावा किया है।

