बलरामपुर पुलिस और ओडिशा STF की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी गिरोह पर बड़ी चोट, 4 और आरोपी गिरफ्तार
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर,
बलरामपुर पुलिस एवं एसटीएफ भुवनेश्वर (ओडिशा) की संयुक्त जांच और कार्रवाई में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में ओडिशा के चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, थाना बसंतपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया था। 29 दिसंबर 2025 को एक ट्रक से 1198.460 किलोग्राम तथा 11 जून 2026 को दूसरे ट्रक से 1941.110 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। दोनों मामलों में कुल 3139.570 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 16 करोड़ रुपये बताई गई है, बरामद किया गया था।
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों तथा ट्रकों में लगे जीपीएस लोकेशन के विश्लेषण से तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान हुई। पुलिस को पता चला कि ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र स्थित लोपा डाबा के पास ट्रकों को खड़ा कर स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप वाहनों के माध्यम से गांजा लोड किया जाता था।
इसी आधार पर ओडिशा के कंधमाल जिले के चार आरोपियों—दुर्वाशा साहू (46), सुदर्शन साहू (40), अलोक कुमार राणा (34) और प्रकाश खुडुआ (35)—को गिरफ्तार किया गया। जांच में इनकी भूमिका दिसंबर 2025 और जून 2026 में पकड़े गए ट्रकों में गांजा लोड कराने में सामने आई।
इससे पहले ओडिशा एसटीएफ ने 24 जून 2026 को कंधमाल जिले के निवासी निलाम्बर कंहार को 191.300 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ में भी उक्त चारों आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि हुई। बाद में न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर चारों आरोपियों से पूछताछ और पहचान परेड कराई गई, जिसमें उनकी भूमिका की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
बलरामपुर पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।

