चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के महेंवा ग्राम सभा स्थित नहर में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है लेकिन मृतक की पहचान न हो पाने से जांच की दिशा अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शव की शिनाख्त कर घटना की कड़ियों को जोड़ने की है।
गुरुवार को नहर में लगभग 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक ने सफेद रंग की शर्ट और नीले रंग की जींस पहन रखी थी लेकिन अभी तक उसकी पहचान हो सके।
पुलिस अभी सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिससे मौत के कारण और समय के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे की सच्चाई तक पहुंचने का रास्ता आसान होगा।
फिलहाल महेंवा नहर में मिला यह अज्ञात शव पुलिस के लिए एक रहस्य बना हुआ है और पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
