बलरामपुर।
जिले के पस्ता थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कथित यूट्यूबर और उसके दो अन्य साथियों से परेशान एक शिक्षक ने आखिरकार थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षक ने तीन लोगों पर धमकी देने, 10 हजार रुपये की कथित अवैध वसूली मांगने तथा मांग पूरी नहीं करने पर सोशल मीडिया के माध्यम से बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मामला पस्ता थाना क्षेत्र के प्राथमिक शाला पुटसु में पदस्थ शिक्षक से जुड़ा है। शिक्षक की शिकायत के अनुसार, श्रवण यादव, दीपक यादव और सूर्य यादव द्वारा स्कूल पहुंचकर वीडियो बनाए जाने तथा उन वीडियो को यूट्यूब और फेसबुक पर प्रसारित कर उनकी सामाजिक एवं विभागीय छवि खराब करने की धमकी दी गई।
10 हजार रुपये नहीं देने पर बदनाम करने का आरोप
शिक्षक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई और मांग पूरी नहीं करने की स्थिति में उन्हें बदनाम करने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि स्कूल में पहुंचकर वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कही गई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हुआ।
थाने में शिकायत के बाद मामला गंभीर
लगातार दबाव और कथित धमकियों से परेशान शिक्षक ने मामले को लेकर पस्ता थाना में लिखित शिकायत प्रस्तुत करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत में श्रवण यादव, दीपक यादव और सूर्य यादव के नाम का उल्लेख किया गया है।
शिक्षक द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद यह मामला अब पुलिस की जांच के दायरे में है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
सवाल यह कि पत्रकारिता के नाम पर दबाव तो नहीं?
मामले ने सोशल मीडिया और तथाकथित पत्रकारिता के नाम पर किसी व्यक्ति पर दबाव बनाने के आरोपों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि किसी व्यक्ति से पैसे की मांग कर वीडियो वायरल करने या बदनाम करने की धमकी दी जाती है, तो यह बेहद गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।अब देखना होगा कि पुलिस जांच में शिक्षक द्वारा लगाए गए आरोप कितने सही साबित होते हैं और इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है। फिलहाल शिक्षक की शिकायत ने पस्ता थाना क्षेत्र में कथित वसूली और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी के मामले को सुर्खियों में ला दिया है।

