वन विभाग की घेराबंदी में लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ाया, चालक फरार,
वाड्रफनगर के भोदर में कार्रवाई, चंदन जैसी दिखने वाली कत्थे की लकड़ी होने की आशंका; जांच में जुटा वन अमला
नरेंद्र मिश्रा ,वाड्रफनगर/बलरामपुर,
वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रूपपुर के भोदर में लकड़ी से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। वन विभाग की टीम की घेराबंदी होते ही ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार वन विभाग को लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वन अमले ने भोदर क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा, जिसे वन विभाग की टीम ने रोकने का प्रयास किया। टीम को देखते ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वन कर्मचारियों ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर वाड्रफनगर वन विभाग कार्यालय पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में ट्रक में चंदन जैसी दिखाई देने वाली कत्थे की लकड़ी लदी होने की बात सामने आई है। हालांकि लकड़ी की वास्तविक प्रजाति और वैधता की पुष्टि वन विभाग की जांच एवं नाप-जोख के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल वन विभाग की टीम ट्रक में लदी लकड़ियों की नाप-जोख, गिनती और दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि लकड़ी कहां से काटकर लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
चालक के मौके से फरार होने के बाद वन विभाग द्वारा वाहन के दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही लकड़ी की मात्रा, प्रजाति और अवैध परिवहन से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

