सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्थुआ बहेरा में एक युवती ने अपनी शादी से एक दिन पहले कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद परिवार समेत पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान भाजपा प्रजापति के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, उसकी शादी 19 जून को सरई थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ तय थी और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। इसी बीच अचानक उठाए गए इस कदम से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
CG NEWS : हाईवे पर दर्दनाक हादसा’ ट्रेलर की चपेट में आए 2 सगे भाई, परिवार में पसरा मातम
कारणों का नहीं हुआ खुलासा
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
युवती का नाम ‘भाजपा प्रजापति’ होने के कारण यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया है। हालांकि, पुलिस ने अपील की है कि लोग किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचें और जांच पूरी होने का इंतजार करें।
गांव में पसरा सन्नाटा
शादी से ठीक एक दिन पहले हुई इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। जहां एक ओर घर में शादी की खुशियां थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।

