करोड़ों की सिंचाई परियोजना में बड़ा हादसा,
निर्माणाधीन नहर में समाई अजाक्स मशीन,
- ऑपरेटर की मौत

नरेंद्र मिश्रा , बलरामपुर,
जिले में संचालित करोड़ों रुपये की महत्वाकांक्षी सेंदुर नदी सिंचाई परियोजना के तहत निर्माण कार्य के दौरान बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम कोटराहीटांड में निर्माणाधीन नहर में कार्य के दौरान एक अजाक्स (Ajax) मशीन अचानक धंसकर नहर में समा गई। हादसे में मशीन चला रहे ऑपरेटर रामदयाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान मशीन नहर के किनारे कार्य कर रही थी। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंसने से भारी मशीन असंतुलित होकर गहरे हिस्से में जा गिरी। मशीन के नीचे दबने से ऑपरेटर रामदयाल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की तथा राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव ने तत्काल पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर को घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मशीन में फंसे ऑपरेटर के शव को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। भारी मशीनरी और स्थानीय संसाधनों की मदद से शव को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शव को बाहर निकालने के बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलरामपुर भेजा जाएगा। वहीं हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर मिट्टी धंसने और सुरक्षा मानकों में संभावित लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
इस दु:खद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा एवं सहायता राशि प्रदान करने की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है तथा हादसे से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

