Baruipur Rape Murder Case : कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को घटनास्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कराने ले जाया गया था, जहां उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने और गोली चलाने की कोशिश की। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रभास मंडल को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर उसे घटनास्थल ले जाया गया था, जहां कथित तौर पर उसने पुलिस पर हमला कर फरार होने का प्रयास किया।
Kantara 3 : फैंस के लिए खुशखबरी ‘कांतारा 3’ पर आया बड़ा अपडेट, ऋषभ शेट्टी ने दिए नए संकेत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई दिल दहला देने वाली जानकारी
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, 11 वर्षीय बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं। रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न के संकेत, शरीर पर खरोंच, काटने के निशान और गुप्तांगों पर गंभीर चोटों का उल्लेख किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि बच्ची के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया था। इसके बाद उसे बोरी में भरकर तालाब में फेंक दिया गया। चिकित्सकीय जांच के अनुसार, तालाब में फेंके जाने के समय बच्ची जीवित थी और उसकी मौत डूबने से हुई। फेफड़ों और पेट में पानी मिलने की पुष्टि भी पोस्टमार्टम में हुई है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना पश्चिम बंगाल के बारुईपुर थाना क्षेत्र के धपधपी-2 पंचायत स्थित सूर्यपुर हाट इलाके की है। शनिवार शाम बच्ची घर से सामान खरीदने निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। अगले दिन उसका शव घर के पास स्थित एक तालाब से बरामद किया गया।
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बच्ची को कुछ लोगों के साथ जाते हुए देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रभास मंडल सहित अन्य संदिग्धों की तलाश शुरू की।
इलाके में आक्रोश, जांच जारी
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों को अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

