Bank Strike 2026 : नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए आज यानी 11 सितंबर 2026 को जरूरी खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर देशभर में बैंक कर्मचारी और अधिकारी एक दिन की हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल का सबसे बड़ा मुद्दा सप्ताह में 5 दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। इसके अलावा बैंक यूनियनें परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) व्यवस्था में बदलाव समेत कई लंबित मांगों को लेकर भी विरोध कर रही हैं।
5-डे वर्किंग की मांग पर अड़े बैंककर्मी
बैंक कर्मचारी लंबे समय से सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिन काम और शनिवार-रविवार की छुट्टी की मांग कर रहे हैं। यूनियनों का कहना है कि 2024 में हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन इसे अब तक लागू नहीं किया गया है। प्रस्ताव के अनुसार शनिवार की छुट्टी की भरपाई के लिए सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना अतिरिक्त समय काम करने की बात भी कही गई थी।
CG Railway News : छत्तीसगढ़ में 10 ट्रेनों की टाइमिंग में बदलाव, सफर से पहले जरूर चेक करें नया समय
किन बैंकिंग सेवाओं पर पड़ेगा असर?
हड़ताल के कारण खासकर सरकारी बैंकों की शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की संभावना है। नकद जमा और निकासी, चेक से जुड़े काम, KYC, पासबुक अपडेट, दस्तावेज जमा करने और अन्य शाखा-आधारित सेवाओं में परेशानी या देरी हो सकती है।
हालांकि, UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल और सेल्फ-सर्विस सुविधाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। इसलिए जरूरी डिजिटल लेनदेन के लिए ग्राहक इन माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
शनिवार और रविवार को भी बैंक रहेंगे बंद
11 सितंबर की हड़ताल के बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार है। ऐसे में कई जगहों पर बैंक शाखाओं का कामकाज लगातार तीन दिन प्रभावित रहेगा। कुछ राज्यों में 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी की छुट्टी होने के कारण बैंक बंद रहने की अवधि और बढ़ सकती है। हालांकि, छुट्टियां राज्यवार अलग हो सकती हैं।
बैंक यूनियनों ने आंदोलन को आगे बढ़ाने का भी ऐलान किया है। मांगों पर समाधान नहीं निकलने की स्थिति में 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल और 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।

