खेत की जुताई करते समय पलटा ट्रैक्टर, दबने से चालक की दर्दनाक मौत,
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे शव को निकाला गया बाहर, हादसे के बाद गांव में पसरा मातम,
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत शारदापुर गांव में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में जुताई कर रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, चालक खेत में ट्रैक्टर से जुताई का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
ग्रामीणों और परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकाला। हादसे की सूचना पुलिस को भी दी गई। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि हादसा इतना दर्दनाक था कि ट्रैक्टर पलटने के बाद चालक को संभलने का मौका नहीं मिल सका। फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के वास्तविक कारणों और मृतक चालक की पहचान की विस्तृत जानकारी पुलिस की जांच के बाद सामने आएगी।

