रामानुजगंज में कार्यस्थल पर महिला कर्मचारी से छेड़छाड़, दुकान संचालक गिरफ्तार…
बलरामपुर/रामानुजगंज
रामानुजगंज नगर स्थित रानी सिंगर स्टोर के संचालक द्वारा अपनी ही महिला कर्मचारी के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। लगातार हो रही कथित अभद्र हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने रामानुजगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि दुकान संचालक द्वारा उसके साथ अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ की जा रही थी। आरोपी की हरकतों से तंग आकर उसने कानूनी कार्रवाई का सहारा लिया और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर रामानुजगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है तथा पुलिस साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
रामानुजगंज एसडीओपी बाजी लाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या छेड़छाड़ की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

