बाबा बच्छराज कुँवर धाम में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, दो दिन से लापता था विमलेश वर्मा..
बलरामपुर,
जिले के चलगली थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा बच्छराज कुँवर धाम में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नदी में एक 22 वर्षीय युवक का शव तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान विमलेश वर्मा (22 वर्ष), निवासी कछिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विमलेश धाम में आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ावे में दिए जाने वाले बकरों की बाली काटने का कार्य करता था। परिजनों के अनुसार वह पिछले दो दिनों से लापता था, जिसकी तलाश की जा रही थी।
घटना को लेकर रहस्य इसलिए भी गहरा गया है क्योंकि युवक की मोटरसाइकिल पहले श्रद्धालुओं के पास मिली थी, जबकि उसका शव बाद में नदी में तैरता मिला। इससे मौत के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना की खबर फैलते ही बाबा बच्छराज कुँवर धाम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु एकत्र हो गए। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
मृतक के चाचा संतकल्प का बयान :
मृतक के चाचा संतकल्प ने बताया कि विमलेश पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटा था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार को सूचना मिली कि प्रसिद्ध बाबा बच्छराज कुँवर धाम के पास नदी में एक शव मिला है। मौके पर पहुंचकर शव की पहचान विमलेश के रूप में की गई। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

